Press Release Image

बूंदी के अजय की जिंदगी में पीएम स्वनिधि योजना ने खुशियों की बारिश की

-व्यवसाय को मिला सहारा, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम, जॉब सीकर से जॉब गिवर की भूमिका में

23 Oct, 2026

जयपुर, 23 अक्टूबर। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कोविड-19 महामारी के दौरान बेरोजगार हो गए रेहड़ी व ठेला संचालक, छोटी गुमटी, दुकान या फुटपाथ से छोटे— मोटे  सामान बेचने वालों की आर्थिक स्थिति को पुन: पटरी पर लाने के लिए पीएम स्वनिधि योजना शुरू की थी। इसमें राज्य के 3,06,255 पात्रों को 439 करोड़ रुपये का लोन मिला है, जिससे कई लाभार्थियों ने तो जॉब सीकर से जॉब ​क्रिएटर और जॉब गिवर की भूमिका में अन्य जरूरतमंदों को रोजगार उपलब्ध करवाया है।

बूंदी में भी ऐसा ही उदाहरण सामने आया है। जिला मुख्यालय निवासी अजय के पास कारोबार के लिए सामान खरीदने हेतु पर्याप्त पूंजी नहीं बची थी। उसे अपने फास्ट फूड के व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए पैसे की जरूरत थी। उसे अक्सर ऊंची ब्याज दर पर उधार लेना पड़ता था। इससे कमाई का बड़ा हिस्सा ब्याज चुकाने में खर्च हो जाता था।

इसी दौरान उन्हें नगर परिषद बूंदी के माध्यम से पीएम स्वनिधि योजना की जानकारी मिली। उन्होंने योजना के तहत आवेदन किया और ऋण प्राप्त कर अपने व्यवसाय को फिर से व्यवस्थित किया। समय पर ऋण चुकाने के बाद उन्होंने दूसरे ऋण के लिए 20,000 रुपये का आवेदन किया। डिजिटल भुगतान अपनाने से ग्राहकों की संख्या बढ़ी और वे कारोबार के लिए अतिरिक्त स्टॉक रखने में सक्षम हुए।

निरंतर मेहनत, नियमित भुगतान और कारोबार में हुई प्रगति के चलते अजय ने आगे चलकर 50,000 रुपये का ऋण भी प्राप्त किया। वे इस ऋण का पुनर्भुगतान कर रहे हैं। उनके अच्छे पुनर्भुगतान रिकॉर्ड के आधार पर वे पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड के लिए पात्र बने।

अजय की कहानी बताती है कि समय पर मिलने वाला वित्तीय सहयोग और मेहनत छोटे व्यवसाय को नई दिशा दे सकते हैं। पीएम स्वनिधि योजना ने उन्हें ऊंचे ब्याज वाले उधार पर निर्भरता कम करने, कारोबार बढ़ाने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की राह पर आगे बढ़ने में मदद की। अजय अब इस कारोबार को बढ़ाकर 1 युवा को अपने ठेले पर रोजगार देने की सोच रहा है जिससे उसे भी लाभ होगा और युवा को बेरोजगारी से छूटकारा मिलेगा।

 अजय ने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना ने मेरे व्यवसाय को नई दिशा दी है और मुझे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में मदद की है। इसके लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का आभार प्रकट करता हूं।

——

अनु​प्रिया/ब्रजेश